गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई अमेरिका से डिपोर्ट होने के बाद बुधवार को दिल्ली पहुंचा। IGI एयरपोर्ट पर उसे NIA ने हिरासत में लिया और पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने अनमोल को 11 दिन की NIA कस्टडी में भेज दिया है।
अमेरिका ने कुल 200 लोगों को डिपोर्ट किया है, जिनमें भारत के 3 नागरिक शामिल हैं। अनमोल के अलावा दो लोग पंजाब के बताए जा रहे हैं, हालांकि इनके बारे में अब तक विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है।
अनमोल बिश्नोई कई हाई-प्रोफाइल मामलों में वांटेड
अनमोल पर पिछले साल मुंबई में NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का मुख्य आरोपी होने का आरोप है। इसके अलावा अप्रैल 2024 में सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग के मामले में भी वह वांटेड है।
उसका नाम 2022 में सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले में भी सामने आया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अनमोल को अमेरिका में अवैध तरीके से प्रवेश करने पर हिरासत में लिया गया था। भारत में वह NIA की वांटेड लिस्ट में है और उस पर ₹10 लाख का इनाम घोषित था।
NCP नेता जीशान सिद्दीकी ने बताया कि उन्हें अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग से ईमेल मिला था, जिसमें अनमोल के डिपोर्टेशन की पुष्टि की गई थी। जीशान सिद्दीकी ने कहा कि अनमोल को भारत लाकर उसके सभी अपराधों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अनमोल के भारत पहुंचने के बाद अब NIA उसकी क्रिमिनल नेटवर्क, फंडिंग और विदेशी लिंक को लेकर पूछताछ करेगी।
