रायपुर: करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने मौदहापारा थाने में दी गिरफ्तारी, थाने से ही मिली जमानत; बाहर समर्थकों का हंगामा

रायपुर में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने बुधवार को मौदहापारा थाने में स्वयं गिरफ्तारी दी। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद थाने से ही उन्हें जमानत दे दी। इस दौरान थाने के बाहर भारी संख्या में उनके समर्थक जुटे रहे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

स्थिति को देखते हुए थाने के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। यहां 1 ASP, 2 CSP और 5 थानों के टीआई समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

आंदोलन तय समय पर होगा – राज शेखावत

गिरफ्तारी के बाद राज शेखावत ने कहा कि 7 दिसंबर को प्रस्तावित आंदोलन अपने तय समय पर होगा।
उन्होंने एक दिन पहले फेसबुक पर पोस्ट कर ‘आमंत्रण यात्रा’ शुरू करने की बात कही थी, जिसे पीड़ित परिवार की अध्यक्षता में निकाला जाना है।

धमकी वाले बयान पर दर्ज हुई थी FIR

राज शेखावत पर वीरेंद्र तोमर के जुलूस मामले में पुलिसकर्मियों के घरों में घुसकर कार्रवाई करने की धमकी देने का आरोप है। इसी सिलसिले में मौदहापारा थाने में FIR दर्ज की गई थी, जिसे पुरानी बस्ती के पूर्व थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने दर्ज कराया था।

उधर, वीरेंद्र तोमर फिलहाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल में हैं।

रायपुर में बढ़ते तनाव और आगामी आंदोलन को देखते हुए पुलिस प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है।