छत्तीसगढ़ शराब घोटाले केस में जेल में बंद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को बुधवार को स्वास्थ्य जांच के लिए रायपुर के अंबेडकर अस्पताल लाया गया। यहां उनकी आंखों का विस्तृत चेकअप किया गया। मेडिकल टीम की जांच पूरी होने के बाद लखमा को वापस रायपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया। उनके अस्पताल पहुंचने और लौटने के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की विशेष व्यवस्था की गई थी।
कांग्रेस ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
कवासी लखमा के स्वास्थ्य को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय और कुलदीप जुनेजा ने डीजीपी अरुण देव गौतम से मुलाकात कर लखमा को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की थी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लखमा बीमार हैं और जेल में उन्हें पर्याप्त इलाज नहीं मिल रहा।
10 महीने से जेल में बंद
बता दें कि पूर्व आबकारी मंत्री लखमा पिछले 10 महीने से जेल में बंद हैं। शराब घोटाले मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद से ही उनके स्वास्थ्य और मेडिकल सुविधाओं को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
कवासी लखमा को अस्पताल से फिर जेल लौटाए जाने के बाद कांग्रेस ने सरकार और जेल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं, वहीं अधिकारी दावा कर रहे हैं कि सभी प्रक्रियाएँ नियमों के अनुसार और सुरक्षा के तहत पूरी की गईं।
