राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज छत्तीसगढ़ प्रवास पर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर पहुंच रही हैं। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में वे मुख्य अतिथि होंगी। कार्यक्रम सुबह 11 बजे पीजी कॉलेज मैदान में होगा, जहां राष्ट्रपति वायुसेना के विशेष हेलिकॉप्टर से पहुंचेंगी।

सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू अपने प्रवास के दौरान वैद्यों और परंपरागत देवस्थानों से जुड़ी दो महत्वपूर्ण योजनाओं का भी उद्घाटन कर सकती हैं। इनमें से एक योजना परंपरागत उपचार करने वाले वैद्यों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई है, जिससे उन्हें बढ़ावा और सरकारी समर्थन मिलेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव, राज्यमंत्री दुर्गा दास उइके और राज्यमंत्री तोखन साहू मौजूद रहेंगे।

अंबिकापुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, और प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। बुधवार का दिन जनजातीय समाज के सम्मान और गौरव को समर्पित रहेगा।