दिल्ली–रायपुर फ्लाइट में तकनीकी खराबी, विमान भुवनेश्वर डायवर्ट यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स पर पड़ा असर

रायपुर, 20 नवंबर। दिल्ली से रायपुर आने वाली फ्लाइट इंडिगो 6E6476 को आज सुबह अचानक आई तकनीकी समस्या के कारण भुवनेश्वर डायवर्ट कर दिया गया। विमान को सामान्य रूप से सुबह 9:15 बजे रायपुर पहुंचना था, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते उसकी लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, पायलट ने उड़ान के दौरान तकनीकी दिक्कत की सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा मानकों को देखते हुए विमान को भुवनेश्वर मोड़ दिया गया। वहां विमान की तकनीकी जांच जारी है।

यात्रियों में नाराज़गी, शेड्यूल बिगड़ा

विमान के डायवर्ट होने का सीधा असर रायपुर एयरपोर्ट के आगे के संचालन पर पड़ा। यही विमान रायपुर से दिल्ली जाने वाली उड़ान के लिए निर्धारित था। इसके न पहुंचने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को घंटों इंतज़ार करना पड़ रहा है। कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स और महत्वपूर्ण मीटिंग्स का शेड्यूल प्रभावित हो गया है।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि —

> “तकनीकी जांच पूरी होते ही विमान को रायपुर लाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल उड़ान के नए समय की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।”

 

दो महीने पहले भी हुआ था तकनीकी संकट

इससे पहले 9 सितंबर को रायपुर एयरपोर्ट का नेविगेशन सिस्टम फेल हो गया था। बिजली गिरने से सिस्टम खराब हो गया था, जिसके चलते

4 उड़ानें रद्द,

6 फ्लाइट्स डायवर्ट,

और कई उड़ानों का शेड्यूल बदला गया था।