रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने एडिशनल एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा को राज्य का नया महाधिवक्ता (Advocate General) नियुक्त किया है। राज्यपाल रमेन डेका ने वर्तमान महाधिवक्ता प्रफुल्ल कुमार भारत का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है। इसके बाद विधि एवं विधायी कार्य विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की।
सूत्रों के अनुसार, विभाग ने दो अलग-अलग आदेश जारी किए हैं—
पहले आदेश में प्रफुल्ल कुमार भारत का इस्तीफा स्वीकार किया गया, जबकि दूसरे आदेश में विवेक शर्मा की नई नियुक्ति को मंजूरी दी गई।
नए महाधिवक्ता विवेक शर्मा हाईकोर्ट में अतिरिक्त महाधिवक्ता के पद पर कार्यरत थे। अब वे राज्य के शीर्ष विधिक पद का कार्यभार संभालेंगे। दैनंदिन भास्कर डिजिटल ने तीन दिन पहले ही उनकी नियुक्ति की संभावना जताई थी। 45 वर्ष के विवेक शर्मा छत्तीसगढ़ के अब तक के सबसे कम उम्र के महाधिवक्ता हैं।
गौरतलब है कि महाधिवक्ता राज्य शासन का सर्वोच्च विधिक प्रतिनिधि होता है, जो हाईकोर्ट में शासन की ओर से दायर मामलों में पक्ष रखता है। वर्तमान में महाधिवक्ता कार्यालय में 6 एडिशनल एजी, 7 डिप्टी एजी, 12 गवर्नमेंट एडवोकेट, 11 डिप्टी गवर्नमेंट एडवोकेट और करीब 100 पैनल लॉयर कार्यरत हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब विवेक शर्मा से राज्य की कई महत्वपूर्ण कानूनी प्रक्रियाओं में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है।
