छत्तीसगढ़ में आबकारी और जिला खनिज न्यास (DMF) घोटाले की जांच एक बार फिर तेज हो गई है। शनिवार सुबह एसीबी (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण प्रकोष्ठ (EOW) की संयुक्त टीम ने प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर छापेमारी की है। रायपुर, जगदलपुर, कोंडागांव, अंबिकापुर, बिलासपुर सहित करीब 20 ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, छापेमारी उन अधिकारियों और कारोबारियों के घरों व कार्यालयों में की जा रही है, जिन पर आबकारी विभाग और DMF से जुड़े कथित भ्रष्टाचार में शामिल होने का संदेह है। टीम सुबह से ही दस्तावेज, डिजिटल डेटा और अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घोटाले में कई बड़े नामों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। जांच एजेंसियां अब तक बरामद दस्तावेज़ों और रिकॉर्ड का परीक्षण कर रही हैं, जिसके बाद आगे और खुलासे संभव हैं।
