छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग के सबसे बड़े नियमित कर्मचारी संघ और विभाग की रीढ़ माने जाने वाले स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ को आखिरकार छत्तीसगढ़ शासन ने आधिकारिक मान्यता प्रदान कर दी है। शासन से मान्यता मिलने के साथ ही अब संघ के प्रतिनिधि कर्मचारियों की समस्याओं, मांगों और सुझावों को शासन-प्रशासन तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकेंगे।
बलौदाबाजार जिले में कर्मचारियों में उत्साह
मान्यता की घोषणा के बाद बलौदाबाजार जिले के स्वास्थ्य संयोजकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जिला अध्यक्ष विजय कुमार साहू ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में कुल 5 संगठनों को ही शासन स्तर पर मान्यता प्राप्त है। ऐसे समय में 21 नवंबर 2025 को स्वास्थ्य विभाग के सबसे बड़े कैडर स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ को सरकार द्वारा मान्यता देना एक ऐतिहासिक निर्णय है।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन का यह कदम सराहनीय है, जिससे स्वास्थ्य संयोजकों का मनोबल बढ़ा है। अब मान्यता प्राप्त होने के बाद संघ को प्रांत से लेकर जिला स्तर तक होने वाली परामर्शदात्री बैठकों में शामिल होने और विभिन्न विषयों पर पत्राचार करने का अधिकार प्राप्त हो गया है।
नया उत्साह, नई ऊर्जा
मान्यता मिलने के बाद संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। सभी ने इस निर्णय के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है और कहा कि अब वे स्वास्थ्य विभाग की मजबूती और कर्मचारियों के हितों के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेंगे।
