रायपुर 24 नवंबर 2025 : राजधानी दिल्ली के इंडिया गेट में नक्सली लीडर माड़वी हिड़मा और नक्सलियों के समर्थन में शनिवार को नारे लगे। इंडिया गेट में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के गुट ने हिड़मा और माओवादियों की नीति को सही बताया।
इस दौरान हिड़मा अमर रहे के नारे भी लगाए गए। प्रदर्शनकारी छात्रों की इस हरकत के बाद ड्यूटी में मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने एक्शन लिया। 12 से ज्यादा छात्रों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली में कई दिनों से युवाओं का एक समूह बढ़ते प्रदूषण और जहरीली हवा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को कुछ यूथ ग्रुप इंडिया गेट के पास फिर एक बार पॉल्यूशन के खिलाफ आवाज उठाते दिखे। नारे भी लगाए, पर इस बीच उनके मुंह से निकला एक नारा विवाद की शक्ल ले रहा है। सरकार के खिलाफ पॉल्यूशन को लेकर एक्शन की मांग को लेकर नारे लगाते युवक-युवती अचानक मारे गए नक्सली कमांडर माड़वी हिड़मा अमर रहे के नारे लगाने लगे। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
