मुंबई। हिन्दी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार को मुंबई में निधन हो गया। 89 वर्षीय अभिनेता पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। 31 अक्टूबर को उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में इलाज के बाद 12 नवंबर की सुबह उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था और परिवार ने घर पर ही उपचार जारी रखा। इसी दौरान सोमवार सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और उनका निधन हो गया।
धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले स्थित श्मशान घाट में किया गया। अंतिम यात्रा में बॉलीवुड जगत के कई बड़े सितारों ने पहुंचकर उन्हें अंतिम विदाई दी। अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान, अक्षय कुमार, संजय दत्त, शबाना आजमी, अनिल कपूर सहित अनेक कलाकारों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। श्मशान में उनकी बेटी ईशा देओल भावुक दिखाई दीं, वहीं पोते करण देओल भी दादा को खोने के दुख में भावुक नजर आए। पत्नी एवं अभिनेत्री हेमा मालिनी की भी आंखें नम थीं। धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने 1980 में विवाह किया था, और 45 वर्षों बाद यह साथ हमेशा के लिए छूट गया।
8 दिसंबर 1935 को पंजाब के साहनेवाल गांव में जन्मे धर्मेंद्र ने 1960 में फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से बॉलीवुड में कदम रखा था। छह दशक लंबे करियर में उन्होंने 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और हिन्दी सिनेमा को अनेक सुपरहिट फिल्में दीं। आई मिलन की बेला, फूल और पत्थर, आए दिन बहार के, शोले, धर्म-वीर, चुपके चुपके, मेरा गांव मेरा देश और ड्रीम गर्ल जैसी फिल्में आज भी दर्शकों के दिलों में ताज़ा हैं। दमदार शरीर और एक्शन लुक की वजह से उन्हें ‘ही-मैन’ का खिताब मिला, जो जीवन के अंतिम दिनों तक उनके साथ जुड़ा रहा।
हाल ही में धर्मेंद्र शाहिद कपूर-कृति सेनन की फिल्म तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया में नज़र आए थे। उनकी आगामी फिल्म इक्कीस इसी साल 25 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है, जिसमें अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म के ट्रेलर में धर्मेंद्र एक बार फिर अपने सशक्त अंदाज में दिखाई देते हैं।
हिंदी फिल्म उद्योग ने एक ऐसा सितारा खो दिया है, जिसकी मौजूदगी ने न सिर्फ सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया बल्कि दर्शकों के दिलों में ऐसी जगह बनाई जो हमेशा कायम रहेगी।
