बिलासपुर में OLX पर बाइक बेचने के बहाने युवक से ठगी, टेस्ट ड्राइव के नाम पर ले उड़े बाइक

बिलासपुर। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म OLX पर बाइक बेचने के लिए विज्ञापन डालना एक युवक को भारी पड़ गया। बाइक खरीदने का झांसा देकर एक युवक टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

महामाया चौक निवासी राहुल मिश्रा ने अपनी बाइक CG 10 BF 5144 को बेचने के लिए OLX पर पोस्ट किया था। इसी पोस्ट को देखकर खुद को रतन गुप्ता बताने वाले युवक ने उससे संपर्क किया और खरीदने की बात कही। बातचीत के बाद 21 नवंबर की रात करीब 8.30 बजे मिलने की जगह तय की गई।

मुलाकात के दौरान आरोपी ने टेस्ट ड्राइव की मांग की और बाइक लेकर निकल गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। राहुल ने बताया कि आरोपी दो अलग-अलग नंबरों से कॉल कर रहा था। बाइक लेकर फरार होने के बाद से दोनों नंबर बंद हैं या कॉल रिसीव नहीं किए जा रहे हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रतन एक रेपिडो बाइक से मौके पर आया था, जिसका चालक रौशन नाम का बताया जा रहा है। दोनों युवक घटना के बाद से फरार हैं।

पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस OLX और मोबाइल नंबर की डिटेल भी खंगाल रही है।