SIR को लेकर ममता बनर्जी का भाजपा पर हमला तेज , रैली कर केंद्र सरकार गिरने तक की चेतावनी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने SIR (Special Identification Revision) को लेकर मंगलवार को भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव स्थित मतुआ समुदाय के गढ़ में आयोजित रैली में ममता ने आरोप लगाया कि SIR की आड़ में राज्य में “वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं।”

ममता ने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर आप बंगाल में वैध मतदाताओं के नाम हटवाएंगे, तो केंद्र सरकार भी गिर जाएगी।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2024 में जो वोट मिले, वे इसी वोटर लिस्ट के आधार पर मिले थे। “अब अचानक लिस्ट को बदलकर क्या साबित करना चाहते हैं?”


चुनाव आयोग को कहा ‘भाजपा आयोग’

चुनाव आयोग पर हमला बोलते हुए ममता ने उसे ‘भाजपा आयोग’ बताया। उन्होंने मतुआ और शरणार्थी समुदाय को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह उनके नाम वोटर लिस्ट से हटने नहीं देंगी।
उन्होंने सवाल उठाया, “अगर यह बांग्लादेशियों की समस्या है, तो मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में SIR क्यों कर रहे हैं?”


‘भाजपा सीएए कार्ड बेच रही है’ – ममता ने आरोप लगाया

ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा CAA के नाम पर “कार्ड बेचकर” लोगों से पैसे वसूल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा के झांसे में आना लोगों को और मुश्किल में डाल सकता है।


बिहार चुनाव का जिक्र, बंगाल में ‘खेल’ न होने देने की बात

ममता ने हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि वहाँ विपक्ष “भाजपा की रणनीति समझ नहीं सका।” उन्होंने कहा,
“हम भाजपा का खेल समझते हैं। बंगाल में उनका खेल सफल नहीं होने देंगे। अगर उन्होंने बंगाल को छूने की कोशिश की, तो हम पूरे देश को हिला देंगे।”


SIR से 35 लोगों की मौत का दावा, AI से फर्जी वोटर बनाने का आरोप

ममता ने दावा किया कि SIR के चलते बंगाल में अब तक 35 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कर डुप्लीकेट वोटर तैयार कर रही है, जिसे उन्होंने “भाजपा की नई योजना” बताया।


ठाकुरनगर में पैदल मार्च का नेतृत्व

बनगांव में रैली के बाद ममता ने मतुआ गढ़ ठाकुरनगर में तीन किलोमीटर लंबे पैदल मार्च का नेतृत्व किया। इससे पहले 4 नवंबर को SIR प्रक्रिया शुरू होने के दिन, तृणमूल कांग्रेस द्वारा कोलकाता में आयोजित पैदल मार्च में भी ममता शामिल हुई थीं।