दिल्ली के वसंत विहार इलाके में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब देश की मशहूर पान मसाला कंपनियों कमला पसंद और राजश्री के मालिक कमल किशोर चौरसिया की बहू दीप्ति चौरसिया (38) ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, दीप्ति का शव उनके ड्रेसिंग रूम के पंखे से लटका हुआ मिला।
पति ने सबसे पहले देखा शव
सूत्रों के मुताबिक, दीप्ति के पति हरप्रीत चौरसिया घर पहुंचे तो उन्हें शव दिखाई दिया। वे तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दीप्ति को मृत घोषित कर दिया।
डायरी में लिखा—“अब और नहीं सहन होता…”
घटनास्थल से पुलिस को एक डायरी मिली है, जिसमें दीप्ति ने अपने पति के साथ चल रहे विवाद का जिक्र किया है। डायरी के एक पन्ने पर उन्होंने लिखा—
“अगर किसी रिश्ते में प्यार और भरोसा नहीं, तो फिर उस रिश्ते में रहने की और जीने की वजह क्या है। अब और नहीं सहन होता। बेटे को मां का आशीर्वाद।”
पुलिस ने बताया कि दंपत्ति काफी समय से अलग-अलग घरों में रह रहे थे।
2010 में हुई थी शादी, 14 साल का बेटा
दीप्ति और हरप्रीत की शादी 2010 में हुई थी। दोनों का 14 वर्षीय एक बेटा है। बताया जा रहा है कि हरप्रीत ने दूसरी शादी भी की है और उनकी दूसरी पत्नी दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री हैं। पुलिस इस एंगल से भी पूछताछ कर रही है।
मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दीप्ति की लिखी डायरी, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवारिक तनाव, रिश्तों में खटास और अलग-अलग रहने की स्थिति की जांच मुख्य बिंदु होगी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
