बीजेपी प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन आज रायपुर पहुंचेंगे, संगठनात्मक गतिविधियों की करेंगे समीक्षा

बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले नितिन नबीन आज 28 नवंबर की सुबह रायपुर पहुंच रहे हैं। यह उनका शपथ ग्रहण के बाद पहला छत्तीसगढ़ दौरा है, जिसे पार्टी संगठन बेहद महत्वपूर्ण मान रही है।

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी विजय के साथ पुनः विधायक बने नितिन नबीन अब प्रदेश में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करने और आगामी कार्यक्रमों की दिशा तय करने के उद्देश्य से दौरा कर रहे हैं।

बीजेपी नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार नितिन नबीन सुबह नई दिल्ली से रवाना होकर सुबह 8:45 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे।
यहां वे विभिन्न बैठकों में शामिल होंगे और आगामी रणनीति व कार्यक्रमों को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि प्रभारी नितिन नबीन का यह दौरा संगठन के लिए नई ऊर्जा और दिशा तय करने वाला साबित होगा। उनकी मौजूदगी से प्रदेश भाजपा की गतिविधियों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।