DGP-IG कॉन्फ्रेंस के लिए रायपुर में जुटेंगे दिग्गज अधिकारी: अमित शाह पहुंचे, आज आएंगे PM मोदी

नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाली देश की प्रतिष्ठित DGP-IG कॉन्फ्रेंस के लिए शीर्ष स्तर के अधिकारियों और VIP का रायपुर पहुंचना शुरू हो गया है। सम्मेलन में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार देर रात विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया। प्रोटोकॉल परिवर्तन के कारण शाह को शुक्रवार सुबह आना था, लेकिन वह रात में ही पहुंचे।

आज रात रायपुर आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 नवंबर की रात रायपुर पहुंचेंगे। उन्हें नए स्पीकर हाउस M-1 में ठहराया जाएगा, जबकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का निवास वित्त मंत्री आवास M-11 में तय किया गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शुक्रवार सुबह रायपुर आएंगे।

पहली बार SP रैंक के अधिकारी भी शामिल
इस बार सम्मेलन में पहली बार SP रैंक के अधिकारियों को भी शामिल किया जा रहा है। बैठक में उनके लिए अलग से सीटें लगाई गई हैं। देशभर से करीब 600 अधिकारी और VIP इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
उच्च स्तरीय सुरक्षा को देखते हुए माना एयरपोर्ट का आगमन गेट तीन दिनों के लिए आम यात्रियों के लिए बंद कर दिया गया है। यात्रियों से गेट-2 इस्तेमाल करने का आग्रह किया गया है। सम्मेलन के दौरान नया रायपुर क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।

400 से अधिक निजी वाहन बुक, रिहर्सल पूरी
अधिकारियों के आने-जाने के लिए 400 से अधिक निजी गाड़ियों की बुकिंग की गई है। जरूरत पड़ने पर महाराष्ट्र पासिंग टैक्सियों को भी मंगाया जाएगा। प्रोटोकॉल के तहत दो दिनों से चल रही रिहर्सल गुरुवार को पूरी कर ली गई।