पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक राजेश मूणत के पोस्टर पर कालिख पोतने का मामला गर्माया: युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित कई पर FIR, आज प्रदर्शन करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता

रायपुर में एनआईटी चौपाटी हटाए जाने के विरोध के दौरान राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक राजेश मूणत के पोस्टर पर कालिख पोतने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विनोद उर्फ भक्कू कश्यप और उनके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है।

आज 11.30 बजे विरोध प्रदर्शन
FIR के खिलाफ कांग्रेस आज शुक्रवार सुबह 11.30 बजे रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के मेन गेट पर विरोध प्रदर्शन करेगी। शहर कांग्रेस ने इसे प्रशासनिक दमन करार देते हुए प्रदर्शन की घोषणा की है।

पोस्टर पर कालिख पोते जाने का आरोप
26 नवंबर को भाजपा द्वारा नालंदा परिसर की घोषणा वाले होर्डिंग लगाए गए थे, जिनमें राजेश मूणत की भी फोटो शामिल थी। एनआईटी चौपाटी हटाए जाने का विरोध कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसी पोस्टर पर कालिख पोत दी थी।

शिकायत के बाद FIR दर्ज
FIR दिनेश तिवारी नामक युवक की शिकायत पर दर्ज की गई है। उसके मुताबिक 26 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे यूनिवर्सिटी गेट के सामने विकास कार्यों के लिए लगाए गए पोस्टर को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों पर छत्तीसगढ़ संपत्ति विरूपण एक्ट, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शांति भंग करने की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

एनआईटी चौपाटी विवाद गहराया
एनआईटी चौपाटी हटाने का मुद्दा लगातार राजनीतिक विवाद का कारण बना हुआ है। दुकानों को आमानाका क्षेत्र में शिफ्ट कर दिया गया है, लेकिन विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। हाल ही में कांग्रेस नेताओं ने डिप्टी सीएम अरुण साव से मुलाकात कर सात दिनों के भीतर जांच कमेटी गठित करने की मांग की थी।