नवा रायपुर में DGP-IG कॉन्फ्रेंस का दूसरा दिन आज, प्रधानमंत्री मोदी हो रहे शामिल, पहले दिन देश के टॉप-3 पुलिस स्टेशनों को सम्मानित

रायपुर। IIM नवा रायपुर में चल रही देश की सबसे महत्वपूर्ण DGP-IG कॉन्फ्रेंस आज दूसरे दिन में प्रवेश कर गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पूरे दिन कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। शुक्रवार देर रात रायपुर पहुंचने के बाद वे नए स्पीकर हाउस M-1 में ठहरे हैं। प्रधानमंत्री आज सुबह 8 बजे से रात 8:30 बजे तक होने वाले विभिन्न सत्रों में शामिल रहेंगे, जबकि रविवार को वे सुबह 8 बजे से शाम 4:30 बजे तक कॉन्फ्रेंस में उपस्थित रहेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

पहले दिन अमित शाह ने किए देश के टॉप-3 पुलिस स्टेशनों को सम्मानित

कॉन्फ्रेंस के पहले दिन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश के तीन सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशनों को सम्मानित किया।

  • दिल्ली का गाजीपुर थाना देश का सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन चुना गया।

  • अंडमान-निकोबार का पहरगांव थाना दूसरे स्थान पर रहा।

  • कर्नाटक के रायचूर जिले का कवितला थाना तीसरे स्थान पर रहा।

इन थानों के चयन के लिए 70 से अधिक कैटेगरी आधारित पैरामीटर्स का उपयोग किया गया था। थानों की साफ-सफाई, जनता से व्यवहार, अपराध निपटान की गति, लंबित मामलों की स्थिति, साइबर सुरक्षा, और महिला सुरक्षा जैसे मानकों को प्राथमिकता दी गई।

गाजीपुर थाना प्रभारी यू. बाला शंकरन के अनुसार, थाने में जनहित को केंद्र में रखकर काम करने की नीति ने उन्हें यह सम्मान दिलाया है।

सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी भी रहे मौजूद

कॉन्फ्रेंस के पहले दिन मंच पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल, रॉ प्रमुख पराग जैन और आईबी चीफ तपन डेका भी मौजूद रहे।

कॉन्फ्रेंस में आंतरिक सुरक्षा और भविष्य की रणनीति पर चर्चा

यह उच्चस्तरीय कॉन्फ्रेंस देश की आंतरिक सुरक्षा, इंटेलिजेंस नेटवर्क को मजबूत करने, और भविष्य की सुरक्षा रणनीति को लेकर बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। देशभर के पुलिस प्रमुख, खुफिया एजेंसियों के अधिकारी और सुरक्षा तंत्र से जुड़े विशेषज्ञ इसमें शामिल हो रहे हैं।