भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 दिसंबर को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर में खेला जाना है। इस मैच को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड पर है। मैच को सुचारु रूप से आयोजित करने के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन भी किया गया है, जो मैच से पहले और मैच के दौरान सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक बड़ी समीक्षा बैठक ली। बैठक में सभी विभागों को साफ निर्देश दिया गया कि मैच के दौरान स्टेडियम और पूरे शहर की व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। बैठक में ट्रैफिक सिस्टम, सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों के आवागमन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और दर्शकों की सुविधा जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि दर्शकों को स्टेडियम आने से लेकर वापस लौटने तक कहीं भी असुविधा न हो, इसके लिए सभी पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करें।
क्रिकेट आयोजन एजेंसी छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने स्टेडियम और मैच से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया-
ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर विशेष रूट प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि मैच के दिन भीड़ को सुचारु तरीके से नियंत्रित किया जा सके।
खिलाड़ियों के आवास, परिवहन, पेयजल और सुरक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
स्टेडियम के अंदर एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, फर्स्ट-एड और पूरे मैदान की लाइटिंग व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मैच से पहले सभी व्यवस्थाओं को एक बार फिर निरीक्षण के बाद फाइनल किया जाएगा।
किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं- कलेक्टर
कलेक्टर डॉ. सिंह ने बैठक में स्पष्ट कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन है और रायपुर के लिए गर्व का विषय है। इसलिए सभी विभाग सुनिश्चित करें कि—
हर व्यवस्था उच्च स्तर की हो।
कोई भी निर्णय लंबित न रहे।
अधूरी तैयारियों को तुरंत पूरा कर रिपोर्ट भेजी जाए।
