रायपुर, 1 दिसंबर- IIM नवा रायपुर में आयोजित 60वीं अखिल भारतीय DGP-IG कॉन्फ्रेंस रविवार को संपन्न हो गई। तीन दिनों तक चली इस हाई-लेवल कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और देशभर की सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए।
PM मोदी का संदेश: ‘पुलिस को नई इमेज गढ़नी होगी’
समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह कॉन्फ्रेंस देश की सुरक्षा रणनीति को नए सिरे से तैयार करने का एक मजबूत प्लेटफॉर्म बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि—
-
पुलिस को युवाओं और आम जनता के बीच भरोसे की नई छवि बनानी होगी।
-
महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए डायल 112 जैसा एक देशव्यापी प्लेटफॉर्म विकसित किया जाए।
-
आने वाला समय AI, फोरेंसिक साइंस, NATGRID और डेटा-ड्रिवन पुलिसिंग का होगा।
-
भगोड़ों को विदेश से भारत लाने के लिए नई रणनीति तैयार की गई है।
पीएम ने आतंकवाद, नशे के गलत इस्तेमाल, साइबर अपराध और महिलाओं की सुरक्षा पर तेज, समन्वित और आधुनिक रणनीति अपनाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विजन 2047 के तहत पुलिसिंग को एकाउंटेबल, सेंसिटिव और मॉडर्न बनाना जरूरी है।
AI आधारित पुलिसिंग पर खास चर्चा
रविवार सुबह उन राज्यों को प्रस्तुति देने का मौका मिला, जो शनिवार को अपनी रिपोर्ट पूरी नहीं दे पाए थे। इस दौरान पहले सत्र में पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर विस्तृत चर्चा हुई।
दूसरे सत्र में देश की सुरक्षा जरूरतों, राज्यों के सुझावों और पिछली सिफारिशों को जोड़कर अंतिम गाइडलाइन का ड्राफ्ट तैयार किया गया।
चर्चा के दौरान देश के सामने मौजूद जियो-पॉलिटिकल चुनौतियों की समीक्षा की गई और एक ‘मॉडल स्टेट’ भी चुना गया, जिसकी सफल प्रैक्टिस को पूरे देश में लागू किए जाने की तैयारी है।
13 घंटे की मैराथन बैठक
कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन शनिवार को 13 घंटे लंबी मैराथन बैठक हुई। इसकी कमान प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाली।
बैठक में देशभर के डीजीपी, आईजी, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख और इंटेलिजेंस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अवार्ड वितरण और बच्चों से मुलाकात
कॉन्फ्रेंस में उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रेसिडेंट पुलिस मेडल और शहरी पुलिस सुधारों के लिए विशेष अवॉर्ड भी दिए गए।
समापन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने विभिन्न स्कूलों के 30 छात्रों से मुलाकात कर करियर और परीक्षा तैयारी पर बातचीत की।
तीन दिनों तक चली यह कॉन्फ्रेंस देश की सुरक्षा नीति, टेक-ड्रिवन पुलिसिंग और भविष्य की चुनौतियों से निपटने की रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण साबित हुई।
