मतदाता पुनरीक्षण के दबाव में महिला सुपरवाइजर बेहोश, शिक्षकों ने अस्पताल पहुंचाया; SIR सर्वे की रफ्तार बढ़ने से कर्मचारियों में तनाव

बिलासपुर, 1 दिसंबर।
प्रदेशभर में मतदाता पुनरीक्षण (SIR) सर्वे तेजी से जारी है, लेकिन बढ़ते काम के दबाव ने कर्मचारियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। रविवार अवकाश के दिन भी BLOs स्कूलों में ड्यूटी करते नजर आए। इसी दौरान बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र में एक महिला सुपरवाइजर काम के बीच अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।


तारबाहर स्कूल में ड्यूटी के दौरान बेहोश हुईं सुपरवाइजर

घटना तारबाहर पानी टंकी के पास स्थित शासकीय स्कूल की है। यहां रविवार को 10 BLO तैनात थे। इसी दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग में पदस्थ सुपरवाइजर ई. गीता कृष्णन अचानक गिर गईं।
मौजूद शिक्षकों और कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें उठाया और अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार लगातार मानसिक और शारीरिक दबाव के कारण उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया, जिसके चलते वे बेहोश हो गईं।


“लगातार काम से बिगड़ी तबीयत” – सहकर्मी और परिवार

उनके साथ काम कर रही एक महिला कर्मचारी ने बताया कि निर्वाचन कार्य और विभागीय जिम्मेदारियों का दोहरा दबाव कई दिनों से बना हुआ था।
सुपरवाइजर की बेटी ने भी बताया कि लगातार काम करने से उनकी मां तनाव में थीं और इसी वजह से तबीयत बिगड़ी। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।


चुनाव आयोग के निर्देशों से बढ़ा दबाव

चुनाव आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने और शत-प्रतिशत सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी, कलेक्टर और विभागीय अफसरों को कड़ी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
काम में जरा सी लापरवाही पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है, जिससे BLO और अन्य विभागीय कर्मचारियों में तनाव बढ़ गया है।