रायपुर 01 दिसंबर 2025 : 3 दिसंबर को शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मैच खेला जाएगा। दोनों टीमें आज शाम 4.30 बजे रांची से एक ही चार्टर्ड फ्लाइट से रायपुर पहुंच रही हैं। भारत ने रांची वनडे जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। रोहित शर्मा, विराट कोहली और अन्य स्टार खिलाड़ी कल स्टेडियम में प्रैक्टिस करेंगे।
सुरक्षा के मद्देनजर, पुलिस ने 30 नवंबर को ब्लैक टिकट बेचने वाले दो आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपियों ने अवैध तरीके से टिकट खरीदकर ज्यादा दामों में बेचे। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने भारत माता चौक और आसपास इलाके में घेराबंदी कर, फाफाडीह के रहने वाले ऋतिक माकीजा और देवव्रत माकीजा को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है और पुलिस ब्लैक टिकट बेचने वालों पर नजर रख रही है।
स्टेडियम में पानी फ्री, खाने-पीने के रेट तय
दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम में 22 बड़े वाटर फिल्टर लगाए गए हैं। पानी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही हर वेंडर को रेट-लिस्ट डिस्प्ले करना होगा, ताकि ओवर चार्जिंग न हो। स्टेडियम में कई जगह रेट-चार्ट चस्पा किया जाएगा।
