रायपुर में टीम इंडिया की एंट्री, रोहित-विराट को देखने उमड़ी भीड़; आज स्टेडियम में होगी दोनों टीमों की प्रैक्टिस

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 दिसंबर को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले वनडे मैच को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को दोनों टीमें रांची से एक ही चार्टर्ड फ्लाइट से रायपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में फैंस उमड़ पड़े। खिलाड़ियों के बाहर आते ही लोगों ने जोरदार स्वागत किया।

आज स्टेडियम में दोनों टीमों की प्रैक्टिस
रायपुर के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज खिलाड़ियों की प्रैक्टिस सेशन तय किया गया है।

  • दक्षिण अफ्रीका की टीम दोपहर 1.30 बजे से अभ्यास करेगी।

  • भारतीय टीम शाम 5.30 बजे से नेट्स पर उतरेगी।

प्रैक्टिस सत्र के दौरान आम दर्शकों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। सिर्फ BCCI कार्डधारी ही स्टेडियम के अंदर प्रवेश कर सकेंगे।

रोहित-विराट को गेंद डालेंगे स्थानीय खिलाड़ी
दोनों टीमों की तैयारी को देखते हुए 30 स्थानीय खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। ये खिलाड़ी आज प्रैक्टिस सेशन में रोहित शर्मा, विराट कोहली और अन्य खिलाड़ियों को गेंदबाजी करते नजर आएंगे।

सुरक्षा में जुटे 2 हजार पुलिसकर्मी
PM मोदी की मौजूदगी में हुई DGP-IGP कॉन्फ्रेंस में तैनात करीब 2 हजार पुलिसकर्मियों को अब वनडे मैच की सुरक्षा ड्यूटी पर रोक लिया गया है। मैच के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क है।

ब्लैक में टिकट बेचते दो युवक गिरफ्तार
इधर 30 नवंबर को सिविल लाइन पुलिस ने ब्लैक में टिकट बेचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने गैरकानूनी तरीके से टिकट खरीदकर उन्हें ज्यादा दामों में बेचने की कोशिश की थी।

रायपुर में अंतरराष्ट्रीय वनडे मुकाबले को लेकर पूरे शहर में उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। फैंस बेसब्री से 3 दिसंबर का इंतजार कर रहे हैं, जब टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान में उतरेगी।