बलरामपुर में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में 24 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के फुलवरिया बाईपास पर हुआ। जानकारी के अनुसार, सोनौली से दिल्ली जा रही यात्री बस (नंबर UP22 AT 0245) में नेपाल के नागरिक सवार थे। तेज रफ्तार बस को गर्म कपड़े लेकर असम की ओर जा रहे ट्रक (नंबर UP21 DT 5237) ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई और शॉर्ट सर्किट होने से बस में आग भड़क गई। कुछ ही मिनटों में बस धू-धूकर जलने लगी।
शीशा तोड़कर बाहर निकले यात्री
बस में आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर खुद को बाहर निकाला और दूसरों को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान राहगीरों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
पुलिस-फायर ब्रिगेड ने बचाई जानें
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। हादसे में ट्रक में लदा कपड़ा भी आग की चपेट में आ गया, जिसे बुझाने में दमकल विभाग को काफी देर तक जूझना पड़ा।
बस चालक और कंडक्टर लापता
हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है। बस में सवार अधिकांश यात्री नेपाल के रहने वाले थे, जिनके परिजनों को सूचना भेजी जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
