छत्तीसगढ़ के रायगढ़ रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ पोस्ट से एक बड़ा मामला सामने आया है। देर रात ड्यूटी के दौरान दो जवानों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक जवान ने अपने ही बैचमेट पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आज की टॉप खबरें: देश-दुनिया, राजनीति, मौसम और खेल की बड़ी अपडेट — 3 दिसंबर 2025
जानकारी के मुताबिक, गोली चलाने वाला जवान एस. लादेर, जो जांजगीर-चांपा का रहने वाला है, ने तड़के करीब 4 बजे प्रधान आरक्षक पीके मिश्रा (निवासी – रीवा, मध्यप्रदेश) पर अचानक फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों की ड्यूटी नाइट में लगी थी और किसी बात को लेकर तकरार होने के बाद एस. लादेर ने सिर पर 4 राउंड फायर कर दिए। गोली लगते ही पीके मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरपीएफ और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारी तुरंत पोस्ट पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। किसी भी व्यक्ति को पोस्ट के अंदर जाने की अनुमति नहीं है। घटनास्थल पर आईजी के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू होगी।
इस बीच, मृतक प्रधान आरक्षक की पत्नी भी मौके पर पहुंच चुकी है, जिसके बाद माहौल और भी भावुक हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि विवाद की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है और फायरिंग करने वाले जवान को हिरासत में लेने की प्रक्रिया जारी है।
