छत्तीसगढ़: सुकमा में ज्वेलरी शॉप से 13 लाख की लूट, CCTV में कैद हुई वारदात 3 घंटे में पुलिस ने दबोचे 3 आरोपी

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में गुरुवार देर शाम एक ज्वेलरी शॉप में बड़ी वारदात हुई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित दुर्गा ज्वेलरी शॉप में दो नकाबपोश लुटेरों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। एक लुटेरे ने दुकान मालिक पर पिस्टल तान दी, जबकि दूसरा सोने-चांदी के आभूषण बैग में भरता रहा। पूरी घटना CCTV में कैद हुई है।

बच्ची मौजूद थी, लेकिन नुकसान नहीं पहुंचाया

घटना के समय दुकान के सोफे पर एक छोटी बच्ची भी लेटी हुई थी। वीडियो में दोनों लुटेरे उसे नजरअंदाज करते हुए सिर्फ आभूषण लूटते दिखाई दे रहे हैं।

लूट के बाद भागे, भीड़ ने एक को दबोचा

रात करीब 8:30 बजे जैसे ही दोनों आरोपी दुकान से बाहर भागे, व्यापारी ने शोर मचाया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने उनका पीछा किया। भीड़ ने एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि दूसरा पिस्टल लेकर भाग निकला।

3 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी की। करीब 3 घंटे के भीतर पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया। उनके कब्जे से कुल 12 लाख 80 हजार रुपए के आभूषण बरामद किए गए। पिस्टल भी जब्त कर ली गई है।

CCTV फुटेज जांच में मददगार

दुकान में लगे CCTV में साफ दिख रहा है कि एक आरोपी व्यापारी पर बंदूक ताने खड़ा है और दूसरा तेजी से ज्वेलरी बैग में भर रहा है। पुलिस ने इसी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर टीमों को भेजा।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और संदिग्ध व्यक्तियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है। साथ ही अब इलाके में अतिरिक्त पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।