छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक युवक ने शादीशुदा महिला (26) को चाकू की नोक पर अगवा कर तीन दिनों तक बंधक बनाकर रेप किया। आरोपी ने पहले महिला का मुंह कपड़े से बांधा और उसे रातभर स्कूल के बाथरूम के पीछे झाड़ियों में रखा। इस दौरान उसने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसे धमकाते हुए किराए के कमरे में ले गया और लगातार दुष्कर्म करता रहा।
पीड़िता के चेहरे और आंख पर गंभीर चोट
आरोपी ने विरोध करने पर महिला को जमकर पीटा। उसकी आंख, चेहरा और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। जान से मारने की धमकी के डर से महिला आरोपी के साथ रहने को तैयार हुई। लेकिन मौका मिलते ही वह भागकर थाने पहुंची।
महिला थाने में दर्ज कराया मामला, आरोपी गिरफ्तार
1 दिसंबर को पीड़िता ने महिला थाने में मामला दर्ज कराया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक दास मानिकपुरी (29) को गिरफ्तार कर लिया है।
सहेली के जरिए हुई थी पहचान
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की सहेली के जरिए दीपक से पहचान हुई थी। सहेली कई बार महिला के मोबाइल से दीपक से बात करती थी। जब सहेली ने उससे बातचीत बंद की, तो दीपक ने सीधे महिला से संपर्क करना शुरू कर दिया। महिला ने बात करने से मना किया, तो उसने परेशान करना शुरू कर दिया।
स्कूल के पास रोका, चाकू दिखाकर अगवा किया
28 नवंबर की शाम करीब 5 बजे महिला काम से घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी स्कूल के पास पहुंचा और चाकू दिखाकर उसे रोक लिया। धमकाते हुए उसके साथ मारपीट की और मुंह पर कपड़ा बांधकर उसे स्कूल के बाथरूम के पीछे झाड़ी में ले गया।
रातभर झाड़ियों में रखा, कई बार दुष्कर्म
रातभर वह महिला को झाड़ियों में ही रखता रहा और बार-बार धमकाकर दुष्कर्म करता रहा। रात करीब 3 बजे आरोपी उसे भगवानपुर के किराए के कमरे में ले गया, जहां तीन दिनों तक उसने दरिंदगी जारी रखी।
भागकर पहुंची थाने
एक दिन आरोपी उसे बाहर खाने के बहाने कमरे से बाहर लाया। इसी दौरान मौका देखकर महिला वहां से भागी और सीधे महिला थाना पहुंची। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
