बीजापुर में नक्सलियों की बर्बर वारदात: मुंशी को छुड़ाने पहुंचे सड़क ठेकेदार की गला काटकर हत्या, जंगल में फेंकी लाश

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक और खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार इम्तियाज अली की गला काटकर हत्या कर दी। ठेकेदार अपने अपहृत मुंशी को बचाने पहुंचा था, तभी नक्सलियों ने रास्ते में ही उसे मार डाला।
वारदात पामेड़ थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई है।


मुंशी का पहले अपहरण, फिर ठेकेदार की हत्या

जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने पहले जेसीबी मशीन के मुंशी का अपहरण किया।
अपहरण की खबर ठेकेदार इम्तियाज अली को मिली, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और लंबे समय से नारायणपुर जिले के धौड़ाई क्षेत्र में काम कर रहा था।

जानकारी मिलते ही इम्तियाज मौके पर पहुंचा, लेकिन वहां पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने उसे पकड़ लिया और गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद नक्सली शव को जंगल में फेंक कर फरार हो गए।


मुंशी को छोड़ा, उसने परिजनों को दी जानकारी

वारदात के बाद नक्सलियों ने जेसीबी मशीन के मुंशी को रिहा कर दिया
मुंशी ने तुरंत ठेकेदार के परिजनों को पूरी घटना की सूचना दी। परिजनों ने पामेड़ थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।

घटना की पुष्टि बीजापुर SP जितेंद्र यादव ने भी की है।
सूचना मिलते ही पामेड़ पुलिस की टीम मर्डर स्पॉट की ओर रवाना हो गई है।


नक्सल क्षेत्र में फिर बढ़ी दहशत

सड़क निर्माण जैसे विकास कार्यों में लगे लोगों पर नक्सलियों की यह बर्बर कार्रवाई इलाके में फिर से दहशत का माहौल बना रही है। नक्सलियों द्वारा इस तरह की हत्या को सुरक्षा एजेंसियां “डर फैलाने की रणनीति” के रूप में देख रही हैं।