रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले राज्य सरकार आज एक अहम रणनीतिक बैठक करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार सुबह 11 बजे मंत्रालय महानदी भवन में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में कई बड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ पुलिस कांस्टेबल रिजल्ट 2025 जारी, उम्मीदवार cgpolice.gov.in पर देखें परिणाम
सूत्रों के अनुसार, बैठक का प्रमुख फोकस किसानों से जुड़े विषय रहेंगे। सरकार धान खरीदी के सुचारू संचालन और चुनौतियों की समीक्षा करेगी। धान खरीदी व्यवस्था, रकबा समर्पण की स्थिति, भंडारण क्षमता और भुगतान प्रबंधन पर विस्तृत रिपोर्ट कैबिनेट के सामने रखी जाएगी। माना जा रहा है कि सरकार इस क्षेत्र में कुछ महत्वपूर्ण सुधारों पर भी विचार कर सकती है।
इसके अलावा, बैठक में राज्य की वित्तीय स्थिति, औद्योगिक निवेश की संभावनाओं, स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी। आगामी शीतकालीन सत्र को ध्यान में रखते हुए कई विभागों से प्रगति रिपोर्ट भी मांगी गई है।
इस कैबिनेट बैठक से राज्य में कृषि नीति, वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक सुधारों को लेकर कुछ महत्वपूर्ण निर्णय सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
