कलेक्टर का सख्त एक्शन: निरीक्षण में लापरवाही उजागर, तहसीलदार निलंबित, कई अधिकारी नोटिस पर

मुंगेली। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार ने बुधवार को एसआईआर (स्पेशल समरी रिवीजन) कार्यों की प्रगति का फील्ड निरीक्षण किया। उन्होंने बरेला, नगर पंचायत जरहागांव, ग्राम फुलवारी और नगर पंचायत पथरिया सहित कई क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान नियमों के अनुपालन में लापरवाही और कार्य की धीमी प्रगति सामने आई, जिसके बाद कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई की।

तहसीलदार कमल किशोर पाटनवार निलंबित

निरीक्षण में जरहागांव क्षेत्र में कार्य संतोषजनक न मिलने पर कलेक्टर ने तहसीलदार कमल किशोर पाटनवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए।

कई अधिकारी नोटिस पर

कलेक्टर ने निम्न अधिकारियों पर भी कड़ी नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए—

  • मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज

  • नगर पंचायत जरहागांव के सीएमओ सुरेश कुमार गुप्ता

  • बरेला के सीएमओ नरेश मसीह

  • फुलवारी के सेक्टर अधिकारी लखनलाल कुर्रे

  • फुलवारी के रोजगार सहायक सुखदेव निषाद

  • संबंधित बीएलओ एवं अभिहित अधिकारी

अनकलेक्टेबल और पलायित का आंकड़ा बढ़ा, कलेक्टर नाराज

कलेक्टर ने एसआईआर में ‘अनकलेक्टेबल’ और ‘पलायित’ व्यक्तियों की संख्या अत्यधिक पाए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा स्पष्ट रूप से फील्ड में गैर-गंभीरता को दर्शाता है। अधिकारियों से इन प्रविष्टियों का उचित स्पष्टीकरण न मिलने पर कलेक्टर ने फटकार लगाई।

गलत प्रविष्टियों पर फटकार, समय-सीमा में सुधार के निर्देश

श्रेणी ‘सी’ में शामिल—

  • स्थायी रूप से स्थानांतरित

  • लंबे समय से अनुपस्थित

  • पहले से पंजीकृत व्यक्तियों

की गलत प्रविष्टियों पर भी कलेक्टर ने कड़ा ऐतराज जताया। स्थानांतरित एवं पूर्व पंजीकृत व्यक्तियों के ईपिक नंबर उपलब्ध न करा पाने पर बीएलओ और अभिहित अधिकारियों को चेतावनी दी गई।

कलेक्टर का स्पष्ट निर्देश

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार न होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।