सूरत टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग: 20 से अधिक फायर टेंडर पहुंचे, घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू

शहर के परवत पाटिया इलाके स्थित राज टेक्सटाइल मार्केट में गुरुवार को भीषण आग लग गई। कपड़ों से भरे वेयरहाउस में लगी आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिसके बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की 20 से 22 गाड़ियां पहुंचीं। करीब 100 से 125 फायर ऑफिसर्स और कर्मचारी लगातार रेस्क्यू और आग बुझाने के काम में जुटे रहे।

सूरत के चीफ फायर ऑफिसर बसंत पारीक ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और अब कूलिंग का काम जारी है। फिलहाल वेयरहाउस के अंदर घुसना संभव नहीं है क्योंकि वहां बड़ी मात्रा में कपड़ा और अन्य सामान मौजूद है। कूलिंग प्रक्रिया में अभी और समय लग सकता है।

घटना में दमकल विभाग के दो कर्मचारियों को हल्की चोट आई है, जिन्हें तत्काल स्मीमेर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

कपड़ा मार्केट होने के कारण आग तेजी से फैली और आग पर काबू पाने में काफी समय लगा। आग टॉप फ्लोर से शुरू हुई और देखते ही देखते ऊपरी हिस्से में फैल गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल फायर विभाग और पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।