छतरपुर। पूर्व कांग्रेस विधायक आलोक चतुर्वेदी उर्फ पज्जन भैया की दो फैक्ट्रियों पर बुधवार को आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई यह छापेमारी रात 8 बजे तक चली। आयकर विभाग की टीमें सागर-कानपुर नेशनल हाईवे स्थित ढढारी के पास खजुराहो मिनरल्स और रामनपुरा रोड पर स्थित गिट्टी फैक्ट्री पर एक साथ पहुँचीं।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्व में दर्ज अवैध उत्खनन और उससे जुड़े भारी जुर्माना मामलों की जांच का हिस्सा मानी जा रही है। हालांकि विभाग की ओर से अब तक छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इंदौर और ग्वालियर से आई आयकर विभाग की संयुक्त टीम करीब 30 गाड़ियों के काफिले के साथ छतरपुर पहुंची। दिलचस्प बात यह रही कि वाहनों पर शादी के स्टिकर लगे थे, जिससे कार्रवाई को गोपनीय रखा जा सके। फैक्ट्रियों में प्रवेश के बाद दोनों स्थानों के मेन गेट तुरंत बंद करा दिए गए।
छापे के दौरान सुरक्षा इतनी सख्त थी कि न तो किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने दिया गया और न ही कोई कर्मचारी बाहर निकल सका। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्रियों में मौजूद सभी रिकॉर्ड और दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि विभाग को इस कार्रवाई में क्या दस्तावेज या सबूत मिले हैं। मामले में आगे की कार्रवाई और आधिकारिक जानकारी विभाग द्वारा जारी होने का इंतजार है।
