देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ऑपरेशनल अव्यवस्था और लगातार उड़ानें रद्द होने की समस्या से जूझ रही है। मंगलवार को सीईओ पीटर एल्बर्स के माफी मांगने के बाद बुधवार को एयरलाइन के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता भी आगे आए और यात्रियों से खेद प्रकट किया।
मेहता ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से बड़ी संख्या में उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा—
“हम जानते हैं कि हजारों यात्रियों को इससे कितनी दिक्कत हुई। उन दिनों में हम आपकी अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाए। इसके लिए हम सचमुच क्षमाप्रार्थी हैं।”
समस्या की पूरी जांच होगी: चेयरमैन
विक्रम सिंह मेहता ने कहा कि एयरलाइन इस अव्यवस्था के पीछे की पूरी वजहों की गहन जांच कराएगी। उन्होंने बताया कि निदेशक मंडल हाल में हुए उड़ान व्यवधानों के हर पहलू की समीक्षा करेगा।
उन्होंने कहा कि बोर्ड ने निर्णय लिया है कि प्रबंधन के साथ मिलकर काम करने और ऑपरेशनल खामियों का मूल कारण समझने के लिए बाहरी तकनीकी विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा।
सैकड़ों उड़ानें रद्द, हजारों यात्री प्रभावित
पिछले कई दिनों से इंडिगो की बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने और देरी होने की घटनाएँ सामने आईं, जिससे एयरलाइन की सेवाओं पर सवाल उठे हैं। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर लंबी कतारों, स्टाफ की कमी और जानकारी की कमी को लेकर नाराजगी जाहिर की है।
इंडिगो प्रबंधन का कहना है कि स्थिति को सामान्य करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, और भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए मजबूत सुधारात्मक उपाय लागू किए जाएंगे।
