रायपुर| 13 दिसंबर 2025 केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर रहेंगे। वे जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर ओलिंपिक के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान वे विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे और युवाओं को संबोधित करेंगे।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, गृहमंत्री इसी मंच से बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे सुरक्षा और विकास अभियानों को लेकर भी वे महत्वपूर्ण संदेश दे सकते हैं।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, अमित शाह शुक्रवार रात रायपुर पहुंचे। आज (शनिवार) वे सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक रायपुर में भाजपा नेताओं और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में राज्य की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीतियों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके बाद वे जगदलपुर के लिए रवाना होंगे।
बस्तर ओलिंपिक को क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ने और सकारात्मक दिशा देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। गृहमंत्री की मौजूदगी से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा और कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।
