देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) द्वारा पॉलिसी रेट में कटौती के बाद ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। बैंक ने अपनी लेंडिंग रेट में 25 बेसिस पॉइंट्स की कमी की है, जिससे मौजूदा और नए दोनों तरह के कर्जदारों के लिए लोन सस्ता हो गया है। इस फैसले का सीधा फायदा होम लोन, ऑटो लोन और MSME लोन लेने वालों को मिलेगा।
लेटेस्ट कटौती के बाद SBI का एक्सटर्नल बेंचमार्क लिंक्ड रेट (EBLR) 25 बेसिस पॉइंट्स घटकर 7.90 प्रतिशत रह गया है। EBLR में कमी का मतलब है कि रेपो रेट से जुड़े सभी रिटेल और MSME लोन की EMI में भी कमी आएगी।
आज बैंक खुले हैं या बंद? शनिवार को ब्रांच जाने से पहले जान लें ये जरूरी अपडेट
होम लोन लेने वालों को राहत
SBI के इस फैसले से खासतौर पर होम लोन ग्राहकों को फायदा होगा। जिन ग्राहकों का लोन EBLR से लिंक है, उनकी मासिक किस्त (EMI) कम होगी या फिर लोन की अवधि घट सकती है। नए ग्राहक भी अब कम ब्याज दर पर होम लोन ले सकेंगे।
FD पर ब्याज दरों में भी कटौती
लोन सस्ता करने के साथ-साथ SBI ने फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर मिलने वाले ब्याज में भी कटौती की है।
बैंक ने 2 साल से 3 साल से कम अवधि वाली FD पर ब्याज दर 5 बेसिस पॉइंट्स घटाकर 6.45 प्रतिशत से 6.40 प्रतिशत कर दी है। हालांकि, अन्य मैच्योरिटी वाली FD की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इसके अलावा, SBI की खास “444 दिन” की अमृत वृष्टि FD स्कीम पर ब्याज दर में 15 बेसिस पॉइंट्स की कटौती की गई है। अब इस स्कीम पर ब्याज 6.60 प्रतिशत से घटकर 6.45 प्रतिशत रह गया है।
मनरेगा में बड़ा बदलाव: अब ‘पूज्य बापू ग्रामीण रोजगार योजना’, 125 दिन का काम और 240 रुपये मजदूरी
MCLR में भी कटौती
SBI ने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट (MCLR) में भी सभी कैटेगरी में 5 बेसिस पॉइंट्स की कटौती की है।
इस बदलाव के बाद एक साल का MCLR अब 8.75 प्रतिशत से घटकर 8.70 प्रतिशत हो गया है।
15 दिसंबर से लागू होंगी नई दरें
SBI द्वारा घोषित सभी नई ब्याज दरें 15 दिसंबर 2025 से लागू होंगी। EBLR में कटौती के बाद अब इसे 8.15 प्रतिशत से घटाकर 7.90 प्रतिशत कर दिया गया है। चूंकि सभी रिटेल और MSME लोन की कीमत EBLR के आधार पर तय होती है, इसलिए इसका व्यापक असर ग्राहकों पर पड़ेगा।
कुल मिलाकर, SBI का यह कदम एक तरफ जहां कर्जदारों के लिए राहत लेकर आया है, वहीं FD निवेशकों के रिटर्न पर थोड़ा असर डाल सकता है।
