पूरे छत्तीसगढ़ में बढ़ती ठंड और शीतलहर के असर को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा फैसला लिया है। दुर्ग जिले के कलेक्टर द्वारा शनिवार 13 दिसंबर से जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों की समय-सारणी में बदलाव करने का आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, प्राथमिक शालाओं में पहली पाली की कक्षाएं अब सुबह 8 बजे से प्रारंभ होंगी। वहीं, हायर सेकेंडरी स्कूलों की दूसरी पाली की कक्षाएं दोपहर 12 बजे से संचालित की जाएंगी। यह नई समय-सारणी तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और 15 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी।
प्रशासन का कहना है कि सुबह के समय अत्यधिक ठंड और कोहरे के कारण छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में यह अस्थायी बदलाव किया गया है। जिला शिक्षा विभाग को आदेश के सख्त पालन के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों में ही स्कूल भेजें। ठंड की स्थिति को देखते हुए आगे भी आवश्यकतानुसार निर्णय लिया जा सकता है।

