ढाई साल पुराने हादसे में बड़ी कार्रवाई भिलाई इस्पात संयंत्र हादसा: बीएसपी के 2 अधिकारी और एक ठेकेदार गिरफ्तार

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में करीब ढाई साल पहले हुए भीषण हादसे के मामले में अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने इस मामले में बीएसपी के दो अधिकारियों और एक ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एसएमएस-02 के मुख्य महाप्रबंधक, यांत्रिकी शिफ्ट इंचार्ज और मारूति कंस्ट्रक्शन कंपनी का ठेकेदार शामिल है।

कैसे हुआ था हादसा

भिलाई भट्ठी थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि 25 अप्रैल 2023 को बीएसपी के एसएमएस-2 कंटीन्युअस कास्टिंग शॉप के कास्टर नंबर-6 में इक्यूपमेंट कूलिंग पाइप लाइन बदलने का कार्य चल रहा था। पाइप शिफ्टिंग के दौरान वहां मौजूद ज्वलनशील पदार्थ में अचानक आग लग गई, जिससे बड़ा हादसा हो गया।

चार श्रमिक झुलसे, एक की मौत

हादसे के समय मौके पर काम कर रहे चार ठेका श्रमिक — राजू तांडी, रमेश मौर्य, अमित सिंह और रंजित सिंह गंभीर रूप से झुलस गए थे। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान रंजित सिंह ने दम तोड़ दिया, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

लापरवाही के आरोप में गिरफ्तारी

पुलिस जांच में सामने आया कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था और काम के दौरान पर्याप्त सावधानी नहीं बरती गई। इसी आधार पर पुलिस ने लापरवाही और आपराधिक जिम्मेदारी तय करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जांच आगे भी जारी

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। यह कार्रवाई औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर एक कड़ा संदेश मानी जा रही है।