धमतरी। जिले के वाटर फिल्टर प्लांट में शनिवार सुबह अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिससे प्लांट में हड़कंप मच गया। इस हादसे में मोटर पंप और पैनल पूरी तरह जल गए, हालांकि मौके पर मौजूद एक इलेक्ट्रीशियन बाल-बाल बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्लास्ट इतना तेज था कि चारों ओर चिंगारी और धुआं फैल गया। घटना के समय पास में खड़ा इलेक्ट्रीशियन किसी तरह सुरक्षित निकलने में सफल रहा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
40 वार्डों में दो दिन तक पानी की समस्या
इस तकनीकी खराबी के चलते नगर निगम क्षेत्र के 40 वार्डों में अगले दो दिनों तक जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। पानी की आपूर्ति बाधित होने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
टैंकरों से पानी की व्यवस्था
नगर निगम ने स्थिति को देखते हुए प्रभावित इलाकों में पानी के टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति करने की व्यवस्था की है, ताकि लोगों को न्यूनतम असुविधा हो।
जल सभापति ने लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही जल सभापति अखिलेश सोनकर मौके पर पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि खराब मोटर पंप को मरम्मत के लिए राजधानी रायपुर भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि निगम की तकनीकी टीम युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है, ताकि जल्द से जल्द जलापूर्ति सामान्य की जा सके।
नगर निगम ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
