योगेश यादव/कसडोल। रविवार की दोपहर कसडोल एसडीएम रामरतन दुबे ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। राष्ट्रीय राजमार्ग 130बी (कटगी मार्ग) पर एक मोटरसाइकिल सवार युवक की कैप्सूल वाहन से टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोशी की हालत में सड़क पर पड़ा था।
इसी दौरान गिरौदपुरी से कसडोल की ओर जा रहे एसडीएम रामरतन दुबे ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की गंभीरता को समझा और बिना समय गंवाए स्वयं घायल युवक को उठाकर अपने वाहन में बैठाया। इसके बाद गुजर रही एम्बुलेंस में शिफ्ट कर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कसडोल पहुंचाया गया। समय पर अस्पताल पहुंचने से घायल को तुरंत उपचार मिल सका और उसकी जान बच गई।
एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर BMO को घायल के उचित और बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए तथा उपचार की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी एसडीएम रामरतन दुबे द्वारा इसी तरह घायल व्यक्तियों को स्वयं अस्पताल पहुंचाकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया जा चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान योगेश साहू (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कसडोल से मल्दा की ओर जा रहा था। समाचार लिखे जाने तक युवक का इलाज जारी है।
एसडीएम की इस त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय भावना की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है और यह घटना प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ सामाजिक दायित्व निभाने का प्रेरक उदाहरण बन गई है।
