छत्तीसगढ़ में फर्जी इलाज का खुलासा: कटगी गांव का मामला… बिना डिग्री डॉक्टर के इलाज से गर्भवती महिला की मौत, 2 आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार- थाना गिधौरी क्षेत्र अंतर्गत गर्भवती महिला की इलाज में लापरवाही से हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संस्कार हॉस्पिटल कटगी के संचालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि अस्पताल में बिना वैध योग्यता और पंजीकृत डॉक्टर के इलाज किया जा रहा था, जिससे महिला की जान चली गई।

मामला मर्ग क्रमांक 32/2025 मृतिका अंजू प्रजापति से जुड़ा है। पुलिस जांच में पाया गया कि अंजू प्रजापति गर्भवती थी और 8 जून 2025 की शाम करीब 6 बजे उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन उसे एक रिटायर्ड नर्स के पास लेकर पहुंचे, जहां लापरवाही पूर्वक डिलीवरी कराई गई। इस दौरान बच्चा मृत पैदा हुआ और महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।

स्थिति गंभीर होने पर मृतिका को संस्कार हॉस्पिटल कटगी ले जाया गया, जहां आरोपी दुखीतराम साहू द्वारा करीब दो घंटे तक भर्ती रखकर इलाज किया गया, जबकि वह केवल 12वीं पास है और उसके पास इलाज से संबंधित कोई वैध डिग्री या दस्तावेज नहीं थे। जब महिला की हालत और बिगड़ गई तो अस्पताल प्रबंधन ने उसे जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।

प्रार्थी दुर्गेश पटेल निवासी ग्राम कुम्हारी की रिपोर्ट पर थाना गिधौरी में अपराध क्रमांक 273/2025, धारा 105 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में की गई जांच में यह भी सामने आया कि संस्कार हॉस्पिटल का संचालन बिना किसी पंजीकृत डॉक्टर की नियुक्ति के किया जा रहा था, जो गंभीर लापरवाही है।

पुलिस ने पूछताछ के बाद अस्पताल संचालक जोहित राम साहू और इलाज करने वाले दुखीतराम साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लापरवाही पूर्वक इलाज करना स्वीकार किया, जिसके चलते महिला की मौत हुई। दोनों आरोपियों को 14 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

फिलहाल मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विवेचना जारी है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।

गिरफ्तार आरोपी

1. जोहित राम साहू (40 वर्ष) – निवासी बिल्हा, जिला बिलासपुर

2. दुखीतराम साहू (28 वर्ष) – निवासी ग्राम खैरा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर