रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी जयचंद कोशले के खिलाफ सोमवार को विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), रायपुर में करीब 1000 पेज का अभियोग पत्र पेश किया है। जयचंद कोशले फिलहाल केन्द्रीय जेल रायपुर में बंद है।
EOW के अनुसार, जयचंद कोशले पर 7 से 8 करोड़ रुपए की अवैध कोल लेवी की रकम तत्कालीन मुख्यमंत्री सचिवालय की अधिकारी सौम्या चौरसिया तक पहुंचाने का गंभीर आरोप है। जांच के दौरान डायरी और वॉट्सऐप चैट्स में “जय” नाम से दर्ज प्रविष्टियों के जरिए इस अवैध लेन-देन की पुष्टि हुई है।
अब तक 20 आरोपियों पर चालान
EOW ने बताया कि अवैध कोल लेवी मामले में अब तक कुल 20 आरोपियों के खिलाफ चालान प्रस्तुत किया जा चुका है।
-
जुलाई 2024 में 15 आरोपी
-
अक्टूबर 2024 में 2 आरोपी
-
अक्टूबर 2025 में 2 आरोपी
-
और अब जयचंद कोशले
पहले चालान में सौम्या चौरसिया, रानू साहू, समीर विश्नोई, सूर्यकांत तिवारी, निखिल चंद्राकर सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं। एजेंसी ने संकेत दिए हैं कि आगे और नाम जुड़ सकते हैं।
सौम्या चौरसिया का था निज सहायक
EOW के मुताबिक, जयचंद कोशले उर्फ जय, तत्कालीन मुख्यमंत्री सचिवालय में सौम्या चौरसिया का निज सहायक था। जांच में सामने आया है कि वह अवैध कोल लेवी से वसूली गई नगद राशि का वास्तविक रिसीवर और मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था।
डायरी और डिजिटल सबूतों से खुलासा
जांच के दौरान जब्त की गई डायरी में “जय” नाम से दर्ज सभी एंट्रियां जयचंद कोशले और सौम्या चौरसिया से जुड़ी पाई गई हैं। इन प्रविष्टियों से अवैध लेन-देन की पूरी श्रृंखला सामने आई है।
इसके अलावा, सूर्यकांत तिवारी और अन्य आरोपियों के मोबाइल फोन से वॉट्सऐप ग्रुप की रियल-टाइम चैट्स, डिजिटल एंट्रियां और हिसाब-किताब भी बरामद किए गए हैं, जिनमें “जय” के नाम से रकम दर्ज है।
7–8 करोड़ की वसूली, संपत्तियों में निवेश
EOW का दावा है कि जयचंद कोशले ने सूर्यकांत तिवारी के निवास और अन्य स्थानों से, सौम्या चौरसिया के निर्देश पर, करीब 7 से 8 करोड़ रुपए की अवैध कोल लेवी की राशि प्राप्त की। इस रकम का एक हिस्सा उसने अपने और परिवार के नाम पर संपत्तियां खरीदने में निवेश किया। इन संपत्तियों की वित्तीय जांच अभी जारी है।
टुटेजा–सौम्या चैट्स से भी जुड़ी कड़ी
जांच में अनिल टुटेजा और सौम्या चौरसिया के बीच मिले चैट्स से यह भी खुलासा हुआ है कि जयचंद कोशले, सौम्या के निर्देश पर गोपनीय फाइलें और दस्तावेज अनिल टुटेजा तक पहुंचाता था।
EOW का कहना है कि मामले में सबूत लगातार मजबूत हो रहे हैं और आगे की जांच में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
