यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: घने कोहरे में कई वाहन टकराए, 7 बसों व 2 कारों में लगी आग, 4 की मौत

आगरा/नोएडा। सोमवार देर रात करीब दो बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। आगरा से नोएडा की ओर जा रही लेन में घने कोहरे के बीच तेज रफ्तार से दौड़ रहे कई वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि सात बसों और दो कारों में आग लग गई, जिससे एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के दौरान कई लोग वाहनों के अंदर फंस गए, जबकि कुछ यात्रियों ने जान बचाने के लिए चलती बसों से कूदकर अपनी जान बचाई। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण राहत और बचाव कार्य में भी काफी मुश्किलें आईं।

प्रशासन की ओर से अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि दो दर्जन से अधिक घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतकों में से दो की पहचान कर ली गई है।

आजिलेंद्र प्रताप यादव पुत्र वंशीधर, निवासी मुद्दीनपुर, थाना सराय ममरेज, जिला प्रयागराज

रामपाल पुत्र पहोड़ीराम, निवासी आजमगढ़

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में नियंत्रित कर बहाल कर दिया गया।

प्राथमिक जांच में हादसे की वजह घना कोहरा और तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।