छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: ED ने सौम्या चौरसिया को किया गिरफ्तार, बुधवार को होंगी स्पेशल कोर्ट में पेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उप सचिव रह चुकीं सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह उन्हें पूछताछ के लिए रायपुर बुलाया गया था, जिसके बाद देर शाम ED ने औपचारिक रूप से उनकी गिरफ्तारी की।

ED सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद सौम्या चौरसिया को बुधवार को स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां एजेंसी रिमांड की मांग कर सकती है।

गौरतलब है कि 30 मई 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने कोल लेवी घोटाला और DMF घोटाला मामले में सौम्या चौरसिया समेत छह आरोपियों को सशर्त जमानत दी थी। इसके बाद सभी आरोपी रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा हुए थे। इन आरोपियों में निलंबित आईएएस अधिकारी रानू साहू और समीर बिश्नोई भी शामिल थे।

सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस दीपांकर दत्ता की डबल बेंच ने की थी। सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत ने गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका जताते हुए आरोपियों के छत्तीसगढ़ में रहने पर पाबंदी लगाने का आदेश दिया था।

अब शराब घोटाला मामले में हुई इस नई गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। ED की इस कार्रवाई को घोटाले की जांच में अहम मोड़ माना जा रहा है।