रायपुर: जेडी फार्म हाउस में देर रात पार्टी और हंगामा, 22 युवक-युवतियों पर पुलिस की कार्रवाई

रायपुर।  राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिरदा स्थित जेडी फार्म हाउस में बुधवार देर रात पार्टी कर हुल्लड़बाजी करने वाले 22 युवक-युवतियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। शोर-शराबे की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फार्म हाउस में 15 युवक और 7 युवतियां देर रात पार्टी कर रहे थे। तेज संगीत और शोर-शराबे से आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी, जिसके बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस टीम

शिकायत मिलने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा विधानसभा थाना पुलिस संयुक्त रूप से मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद युवक-युवतियों को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी हंगामा जारी रहा।

प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई

आसपास के लोगों की लगातार शिकायत और स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सभी 22 युवक-युवतियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया।

फार्म हाउस संचालक पर भी केस

इसके साथ ही जेडी फार्म हाउस के संचालक अमन दुलानी (29), निवासी डॉल्फिन प्लाजा, दलदल सिवनी, मोवा के खिलाफ भी विधानसभा थाने में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बिना अनुमति देर रात पार्टी का आयोजन किया गया था।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निजी आयोजन में कानून-व्यवस्था और शांति का ध्यान रखें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।