खैरागढ़ जिले के घाघरा गांव स्थित CAF (छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल) बटालियन कैंप से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पुरानी रंजिश के चलते एक जवान ने सोते समय अपने ही साथी जवान पर फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना गातापार थाना क्षेत्र की है।
मृतक और आरोपी की पहचान
फायरिंग में मारे गए जवान की पहचान उत्तरप्रदेश निवासी सोनवीर जाट के रूप में हुई है। वहीं, गोली चलाने वाले आरोपी जवान का नाम अरविंद गौतम बताया जा रहा है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सोते समय मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात भोजन के बाद सभी जवान कैंप में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अरविंद गौतम ने अपनी सर्विस राइफल से सोनवीर जाट पर फायर कर दिया।
गोली सोनवीर के हाथ को चीरते हुए गाल में जाकर फंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज के दौरान मौत
फायरिंग की आवाज सुनकर अन्य जवान मौके पर पहुंचे और घायल सोनवीर को तत्काल इलाज के लिए सोमवार तड़के जिला मुख्यालय स्थित सिविल अस्पताल लाया गया।
जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम की तैयारी
फिलहाल मृतक का शव अस्पताल की मॉर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आज पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के कारण वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है।
मामले की गहन जांच की जा रही है।
