टेकारी (मांढर) में 25 दिसंबर से 9 दिवसीय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ व 05 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ

9 दिवसीय आयोजन में कृष्ण लीला, यज्ञ और संस्कारों का होगा संगम
25 दिसंबर को कलश यात्रा से शुभारंभ, 02 जनवरी को भोग-भंडारे के साथ समापन
रायपुर। टेकारी (मांढर) स्थित मंगल भवन में 25 दिसंबर 2025 से 02 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय शौर्य समृद्धि 05 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन परम पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी एवं परम वंदनीया माता जी मां गायत्री की कृपा तथा भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से स्व. श्री रामबगस वर्मा एवं स्व. श्रीमती खोरबाहरीन देवी वर्मा की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है।


इस पावन अवसर पर भागवत कथा वाचन के लिए पूज्य संत रमेश भाई शुक्ल (लखनऊ) छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर पधार रहे हैं। आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें भक्ति, ज्ञान, वैराग्य एवं संस्कारों का दिव्य संगम देखने को मिलेगा। आयोजन के मुख्य यजमान श्रीमती चन्द्रवती वर्मा एवं नेहरू लाल वर्मा हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ 25 दिसंबर (गुरुवार) को दोपहर 12:30 बजे भव्य कलश यात्रा से होगा। इसके पश्चात वेदी पूजन एवं भागवत कथा का आरंभ होगा, जिसमें भक्ति-ज्ञान-वैराग्य तथा धुंधकारी चरित्र जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।
26 व 27 दिसंबर को प्रातः 9 से 11 बजे तक 05 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कार, वहीं दोपहर में भागवत कथा के विविध अध्यायों का वाचन होगा।
28 दिसंबर को गज-ग्राह मोक्ष, समुद्र मंथन, वामन चरित्र, मत्स्य अवतार एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
29 से 31 दिसंबर तक बाल लीला, गोवर्धन पूजा, रासलीला, कंस वध, द्वारिका निर्माण एवं रुक्मिणी विवाह जैसे भावपूर्ण प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे।
01 जनवरी 2026 को जरासंध वध एवं सुदामा चरित्र के साथ कथा विश्राम होगा।
वहीं 02 जनवरी को गीता उपदेश, तुलसी वर्षा, हवन पूर्णाहुति, सहस्त्रधारा एवं भोग-भंडारे के साथ आयोजन का विधिवत समापन किया जाएगा।
आयोजक परिवार ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित सहभागी होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। आयोजक नेहरू लाल वर्मा ने बताया कि यह यज्ञ जन-कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना के साथ आयोजित किया जा रहा है।