भिलाई में पं. धीरेंद्र शास्त्री की श्री हनुमंत कथा 25 से, 100 समाज लगाएंगे भव्य स्वागत द्वार

प्रसिद्ध कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री हनुमंत कथा का आयोजन 25 से 29 दिसंबर तक भिलाई में जयंती स्टेडियम के पास किया जाएगा। पांच दिवसीय इस भव्य धार्मिक आयोजन में शहर सहित अंचलभर के श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहने की संभावना है।
कथा आयोजन की खास बात यह रहेगी कि इसमें लगभग 100 समाजों द्वारा स्वागत द्वार लगाए जाएंगे। इन स्वागत द्वारों पर संबंधित समाज के प्रमुखों की तस्वीरों के साथ-साथ उनकी सामाजिक परंपराओं, संस्कृति और पहचान को आकर्षक रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, यह पहल सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देगी।
यह आयोजन सेवा समर्पण समिति, दुर्ग के तत्वावधान में किया जा रहा है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
श्री हनुमंत कथा के दौरान पं. धीरेंद्र शास्त्री द्वारा हनुमान जी की भक्ति, शक्ति और जीवन में उनके आदर्शों पर विस्तार से कथा वाचन किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की है।