सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने इस वर्ष की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना सरिया पुलिस ने 300 किलो 200 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गांजा सब्जी की आड़ में पिकअप वाहन से तस्करी कर ले जाया जा रहा था, जबकि आगे एक कार से पायलटिंग की जा रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में सरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
दिनांक 26 दिसंबर 2025 को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है और आगे एक कार पायलटिंग कर रही है। सूचना पर खजूरिया तालाब, सरिया के पास घेराबंदी कर सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक UP 64 CT 6904 को रोका गया। जांच के दौरान सब्जी के कैरेट हटाने पर वाहन के भीतर 10 बोरियों में भरा 150 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 300 किलो 200 ग्राम पाया गया।
पिकअप वाहन में सवार आरोपी की पहचान राहुल कुमार राजपूत उर्फ गुड्डू (22 वर्ष), निवासी ग्राम बमरौली, थाना हुसैनगंज, जिला फतेहपुर (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपने चार अन्य साथियों के साथ बलांगीर (उड़ीसा) से गांजा लेकर फतेहपुर (उत्तरप्रदेश) ले जाना स्वीकार किया।
पुलिस ने गांजा, पिकअप वाहन और पायलटिंग कर रही रेनॉल्ट काईगर कार क्रमांक UP 71 BJ 9550 को जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग 48 लाख रुपये बताई जा रही है।
आरोपी के खिलाफ थाना सरिया में अपराध क्रमांक 278/25 के तहत धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। वहीं पायलटिंग कार में सवार चार अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, उप निरीक्षक सुमन चौहान, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक रामकुमार मानिकपुरी सहित थाना स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
