विशाखापट्टनम से करीब 66 किलोमीटर दूर आंध्र प्रदेश के येलमंचिली रेलवे स्टेशन पर रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन के दो डिब्बों में आग लगने से एक बुजुर्ग यात्री की मौत हो गई, जबकि ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 12:45 बजे ट्रेन में आग लगने की सूचना मिली। उस समय ट्रेन अनाकापल्ली जिले के येलमंचिली रेलवे स्टेशन पर पहुंच चुकी थी। आग लगने वाले दोनों कोचों में भारी संख्या में यात्री सवार थे। एक कोच में 82 और दूसरे कोच में 76 यात्री मौजूद थे।
घटना के बाद रेलवे और पुलिस अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। B1 कोच से एक शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आग तेजी से फैलने के कारण वह कोच से बाहर नहीं निकल सके।
सुरक्षा के मद्देनज़र जले हुए दोनों कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया गया और शेष ट्रेन को एर्नाकुलम की ओर रवाना किया गया। वहीं, प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक साधनों से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दो फोरेंसिक टीमों को जांच के लिए लगाया गया है, जो आग लगने के कारणों की विस्तृत पड़ताल कर रही हैं। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताई
