छत्तीसगढ़ के आईपीएस जितेंद्र शुक्ला एनएसजी में ग्रुप कमांडर नियुक्त, गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश

छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस अधिकारी जितेंद्र शुक्ला को केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) में ग्रुप कमांडर के पद पर नियुक्त किया है। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर उन्हें तत्काल कार्यमुक्त करने का निर्देश दिया है।

गृह मंत्रालय के पत्र के अनुसार, 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी जितेंद्र शुक्ला को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के तहत एनएसजी में एसपी स्तर के पद पर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को सुरक्षा तंत्र को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि आईपीएस जितेंद्र शुक्ला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (प्रयागराज) के निवासी हैं। उनका जन्म 22 सितंबर 1983 को हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इलाहाबाद के राजकीय इंटर कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई पूरी की और फिर भूगोल विषय में एमए किया।

उच्च शिक्षा के बाद जितेंद्र शुक्ला ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और सफलता प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और प्रशासनिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

एनएसजी में उनकी नियुक्ति से न केवल छत्तीसगढ़ कैडर को गौरव मिला है, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।