तीन दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंचे RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, युवा संवाद और हिंदू सम्मेलन में होंगे शामिल

रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत तीन दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंच गए हैं। वे मंगलवार रात करीब 8:30 बजे नियमित विमान से रायपुर पहुंचे। अपने प्रवास के दौरान वे हिंदू सम्मेलन, युवा संवाद और सामाजिक सद्भावना बैठक सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
31 दिसंबर को होगा युवा संवाद कार्यक्रम
डॉ. मोहन भागवत 31 दिसंबर को रायपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा। युवा संवाद में डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, शिक्षक, स्टार्टअप से जुड़े युवा और सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत युवाओं सहित करीब 2 हजार युवाओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं से संवाद कर राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व और सांस्कृतिक मूल्यों पर चर्चा करना है।
अभनपुर के सोनपैरी गांव में विशाल हिंदू सम्मेलन
युवा संवाद के बाद डॉ. मोहन भागवत अभनपुर विकासखंड के सोनपैरी गांव पहुंचेंगे, जहां करीब 10 एकड़ क्षेत्र में विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर प्रशासन और आयोजकों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सामाजिक सद्भाव और संगठनात्मक बैठकों में भी सहभागिता
अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान डॉ. भागवत सामाजिक सद्भावना से जुड़े कार्यक्रमों और संगठनात्मक बैठकों में भी भाग लेंगे। RSS के इस प्रवास को प्रदेश में संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।